हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
भारतीय जनता युवा मोर्चा शिमला मंडल द्वारा सेवा और समर्पण अभियान के तहत खलीनी में रक्तदान शिविर लगाया गया। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल रक्तदाताओं की हौसला अफजाई के लिए मुख्य रूप से यहां पहुंचे।
उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को देशभर में सामाजिक भलाई के कार्यक्रमों को आयोजित करके मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करके खुद को तो प्रसन्नता मिलती ही है, बल्कि रक्त से ज़रूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है जिसमें कोई पैसा खर्च नहीं होता और सभी को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं और प्रदेश की जयराम सरकार के नेतृत्व में हिमाचल विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को हिमाचल के मुख्यमंत्री ने ज़मीन पर उतारा है जिसका पात्र व्यक्तियों को लाभ मिल रहा है।