हिमाचल दस्तक : मंडी।
जिला मंडी के अंतर्गत महादेव की 13 साल की श्रिया लोहिया ने स्पोर्टस में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हासिल किया है। उसे पीएम मोदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। 2022 वर्ष में घोषित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कारों में हिमाचल से अवार्ड हासिल करने वाली यह पहली बेटी है। जिसने मंडी जिला सहित पूरे देश को गौरवांवित किया है। सोमवार को महिला बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने वर्चुअल मिटिंग के माध्यम से यह पुरस्कार प्रदान किए।
इसमें ब्लॉक चेन टैक्रालॉजी का इस्तेमाल करते हुए सभी प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट और एक लाख
कैश पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए। हालांकि पीएम मोदी से श्रिया का कम समय के कारण संवाद नहीं हो पाया। लेकिन उसे सम्मान हासिल हो गया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पांच साल से लेकर 18 साल तक के आयु के बच्चों को दिए जाते हैं। जिन बच्चों ने छह फील्डों में बेहतरीन कार्य किया होता है उन्हें ही पुरस्कार मिलते हैं।
क्या हैं श्रिया लोहिया की उपलब्धियां
श्रिया लोहिया ने नौ वर्ष की आयु में ही कार्टिंग रेसिंग में भाग लेना शुरू कर दिया था। अपने पिता रितेश लोहिया के साथ जब उसने बंगलौर में एक कार्टिंग रेसिंग की दौड़ देखी तो वह भी उससे प्रभावित हो गई। उसके बाद उसने कार्टिग रेसिंग स्पोर्टस को चुन लिया। पूना में पढ़ाई करते हुए उसने मलेशिया, इटली में जाकर इसकी बारीकियां सीखीं। उसके बाद उसने 2018 में पहली बार मलेशिया में नेशनल चैपिंयनशिप में भाग लिया। जिसमें वह चौथे स्थान पर रही।
लेकिन 2019 में उसने फिर से भाग्य आजमाया और मलेशिया में आयोजित अंतराष्ट्रीय कार्टिग रेसिंंग में भाग लिया और दूसरा स्थान हासिल किया। इसी वर्ष 2019 में ही एक अन्य प्रतियोगिता में भाग लेते हुए वह नंबर वन रही। उसकी आउट स्टैडिंग परफॉर्मेंस को देखते हुए आउट स्टैडिंग वुमैन अवार्ड से सम्मानित किया गया। श्रिया के पिता पूना में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं जबकि माता सुंदरनगर में कोचिंग क्लासें चलाती हैं।
कुल 29 प्रतिभागियों को मिले अवार्ड
देशभर से राष्ट्रीय बाल पुरस्कार अवार्ड में कुल 29 प्रतिभागियों को पुरस्कार मिले हैं। जिनमें से हिमाचल से एकमात्र श्रिया लोहिया रही। श्रिया लोहिया की प्रारंभिक पढ़ाई पूना महाराष्ट्र से हुई है। वह आजकल घर पर मौजूद हैं। लेकिन वह पढ़ाई के प्रति काफी सजग हैं। उसका मानना है कि जैसे ही कोविड खत्म होगा वह फिर से स्पोर्टस गतिविधियों में भाग लेेंगी। उसने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता पिता और टीचरों को दिया है।
डीसी मंडी ने किया सम्मानित
इस मौके पर डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने लोहिया को डीसी ऑफिस में सम्मानित किया और उसे राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हासिल करने पर बधाई दी। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि श्रिया लोहिया प्रतिभावान छात्रा हैं। जिसने कार्टिन रेसिंग जैसे स्पोर्टस में बेहतरीन नाम कमाया है।