हिमाचल दस्तक, ललित ठाकुर। पधर
पधर क्षेत्र के चौहारघाटी से सम्बन्ध रखने वाले सरकारी कर्मचारी भी अब अफीम की अवैध तस्करी करने में पीछे नहीं है। ऐसा ही मामला पधर पुलिस ने बीती रात उजागर किया है। पधर पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत इन दिनों अभियान चलाया हुआ है, जिसके तहत पधर पुलिस ऐसे स्मग्लरों को धर दबोचने में कामयाब होती दिख रही है।
पधर पुलिस ने चौहारघाटी के एक युवक को 57 ग्राम अफीम के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने वीरवार को पधर-बल्ह-रोपा मार्ग में बल्ह के समीप नाका लगा रखा था। जिस दौरान रोपा की तरफ से बल्ह की ओर बाइक पर आ रहा युवक पुलिस को देख कर हड़बड़ा गया। युवक की तलाशी लेने पर 57 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी युवक की पहचान राज कुमार(33) पुत्र नारायण सिंह निवासी नोग डाकघर रोपा तहसील पधर के रुप में हुई है। आरोपित लोक निर्माण विभाग में बतौर बेलदार है।
एसएचओ पधर यशवंत सिंह ने कहा कि युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पधर पुलिस ने मादक पदार्थ पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है। मामले की पुष्टि एसडीपीओ पधर मदनकांत शर्मा ने की है।