धर्मशाला:
फर्जीवाड़े से पुलिस में नौकरी पाने वाले जंगलबेरी व सकोह बटालियनों के 8 पुलिस जवान मंगलवार को एसआईटी ने गिरफ्तार किए हैं। इन जवानों की गिरफ्तारी फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी विक्रम चौधरी की शिनाख्त पर हुई है। हालांकि फर्जीवाड़े से भर्ती हुए जवानों में 9 जवान शामिल हैं, लेकिन पुलिस ने अभी 8 ही जवानों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। उधर, एसआईटी प्रमुख व डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके अलावा न्यायालय के समक्ष उनके हस्ताक्षर लिए जाएंगे और उन हस्ताक्षरों को उनकी उत्तर पुस्तिका के किए हस्ताक्षरों से मिलान किया जाएगा।
मामले में हुईं गिरफ्तारियों का आंकड़ा 44 पहुंचा
पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े में अब गिरफ्तार लोगों का आंकड़ा 44 हो गया है। गौरतलब है कि 11 अगस्त, 2019 को पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान परौर राधा स्वामी सत्संग ब्यास में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भवारना थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद परीक्षा 8 सितंबर को हुई थी।
इस फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड विक्रम ने भी करीब 5 माह तक भूमिगत रहने के बाद 3 जनवरी, 2020 को एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं इसके बाद एक अन्य आरोपी केतन चौधरी ने भी एसपी के समक्ष सरेंडर किया था।