कांगड़ा। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने रविवार को नागाबाड़ी टोल प्लाजा के समीप एक मोटरसाइकिल सवार को 2 किलो 532 ग्राम चरस सहित पकड़ा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम गश्त व चेकिंग के दौरान पठानकोट-मंडी फोरलेन पर टोल प्लाजा (नागाबाड़़ी) के पास मौजूद थी। इस दौरान पंजाब की ओर जा रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया।

तलाशी के दौरान उक्त वाहन चालक के कब्जे से 2 किलो 532 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ी गई चरस व बाइक को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित की पहचान अश्वनी कुमार निवासी रविदास मॉल नरोट मेहरा तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। सीआईए नूरपुर की टीम ने आरोपित को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। इस संदर्भ में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।







