हेल्थ। तेज़ी से बदलते और भीड़–भाड़ वाले शहरों में रहना एक तरफ सुविधाएं देता है, तो दूसरी ओर कई छुपी हुई स्वास्थ्य समस्याओं को भी जन्म देता है। इन्हीं में से एक है ‘अर्बन आई सिंड्रोम’, जो आजकल आंखों से जुड़ी सबसे आम और परेशान करने वाली समस्याओं में गिना जा रहा है।
यह एक क्रॉनिक कंडीशन है, जिसमें आंखें लगातार जलन, सूखापन और असहजता महसूस करती हैं—और इसकी जड़ें सीधे शहरी प्रदूषण से जुड़ी हैं।
क्या होता है अर्बन आई सिंड्रोम?
यह समस्या मुख्य रूप से आंखों की लालिमा, चिपचिपा डिसचार्ज और टियर फिल्म की अस्थिरता जैसे लक्षणों के साथ सामने आती है। हवा में मौजूद PM2.5, PM10 जैसे सूक्ष्म कण, केमिकल प्रदूषक और धूल आंखों की सतह पर सूजन पैदा करते हैं। इसके कारण आंखों की नैचुरल मॉइस्चर परत टूटने लगती है और आंखें बाहरी वातावरण के प्रति अधिक संवेदनशील बन जाती हैं।
प्रदूषण आंखों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?
बड़े शहरों की हवा में तैरते छोटे-छोटे प्रदूषक कण आंखों की सुरक्षा परत को धीरे-धीरे कमजोर करते हैं। इससे: आंखों में जलन और खुजली, लगातार इरिटेशन, ड्राईनेस, एलर्जिक कंजक्टिवाइटिस, धुंधलापन और थकान जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। आधुनिक जीवनशैली—जैसे लंबे समय तक स्क्रीन देखना, एसी में काम करना और कम नींद—भी इस स्थिति को और खराब कर देती है। समय के साथ अगर इसका ध्यान न रखा जाए, तो यह कॉर्निया को नुकसान तक पहुंचा सकती है।
कैसे करें बचाव?
शहरी जीवन में पूरी तरह प्रदूषण से बचना मुश्किल है, लेकिन कुछ आदतें अपनाकर आंखों को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है—
- बाहर निकलते समय UV प्रोटेक्शन वाले सनग्लासेस पहनें।
- घर आकर आंखों को ठंडे पानी से धोएं।
- घर/ऑफिस में एयर प्यूरिफायर या साफ वेंटिलेशन का ध्यान रखें।
- जरूरत पड़ने पर टियर सब्स्टीट्यूट या एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें।
- नियमित रूप से आई चेकअप करवाएं।
- आहार में ओमेगा-3, विटामिन A और पानी की मात्रा बढ़ाएं।









