प्रयास : इस साल केवल 13 मौतें, पिछले साल 21 की जान गई थी, 8 उत्तरी राज्यों की निगरानी कार्यक्रम बैठक में रखे आंकड़े
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : सीजनल रोग स्क्रब टायफस के नियंत्रण में हिमाचल को तारीफ मिली है। इसका कारण यह है कि राज्य ने इस साल इस रोग के कारण होने वाली मौतों को काफी कम किया है। पिछले साल स्क्रब टायफस से 21 लोगों की जान गई थी, जबकि इस साल केवल 13 मौतें इसके कारण हुई हैं।
इस बीमारी में जान तभी जाती है, जबकि इस रोग को पहचानने और इलाज में देरी हो। राज्य का स्वास्थ्य विभाग जन जागरूकता के जरिये मरीजों को अलर्ट करने में कामयाब हो रहा है। शिमला में हुई 8 उत्तरी राज्यों की निगरानी कार्यक्रम बैठक में यह जानकारी मिशन निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने रखी। उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश के प्रभावी रोकथाम और संचारी रोगों के नियंत्रण के प्रयासों के लिए भारत सरकार की सराहना मिली है।
पिछले साल प्रदेश में कुल 1940 लोग स्क्रब टायफस से पीडि़त हुए थे और 21 लोगों की जान चली गई थी, लेकिन इस साल अब तक कुल 1456 लोग प्रभावित हुए हैं और 13 लोगों की जान चली गई है। अंत में सभी 8 भाग लेने वाले राज्यों को उत्तरी क्षेत्र में महामारी प्रवण रोगों की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण के लिए आंकड़ों को साझा करने के लिए सहमत किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने समीक्षा बैठक का उद्घाटन किया जिसमें विशेष सचिव स्वास्थ्य और एनएचएमए मिशन निदेशक डॉ. निपुण जिंदल, निदेशक स्वास्थ्य सेवा डॉ. अजय गुप्ता भी उपस्थित थे। केंद्रीय निगरानी इकाई, स्वास्थ्य मंत्रालय और भारत सरकार के परिवार कल्याण विभाग के एनपीओ डॉ. हिमांशु चौहान के नेतृत्व में और भारत के 8 उत्तरी राज्यों के अधिकारियों ने 2 दिनों के लिए विस्तार से विचार-विमर्श किया।
मिशन निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के विभिन्न कार्यक्रमों के निगरानी घटकों के कार्यात्मक एकीकरण पर ध्यान देने के साथ समय पर और प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्रवाई के लिए रोग निगरानी की विकेंद्रीकृत प्रणाली है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य योजना, प्रबंधन और नियंत्रण रणनीतियों का उपयोग करने के लिए रोग निगरानी की दक्षता में सुधार करना है, प्रारंभिक चेतावनी संकेतों का पता लगाने के लिए महामारी प्रवण रोगों के लिए विकेंद्रीकृत राज्य आधारित निगरानी प्रणाली की स्थापना करके देश में रोग निगरानी को मजबूत करना है।
ये आठ उत्तरी राज्य आए समीक्षा बैठक में
हॉलीडे होम शिमला में हुई इस समीक्षा बैठक में 8 उत्तरी राज्यों यानी हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर और दिल्ली शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार के लक्ष्यों व उपलब्धियों की समीक्षा करना है।
आईजीएमसी आए स्क्रब टायफस के 2 और रोगी
आईजीएमसी में कुल 10 संदिग्ध मरीजों के सैंपल स्क्रब टायफस के लिए लिए गए, जिसमें से 2 की पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इनमें संजीव 19 वर्षीय चौपाल और शकुंतला देवी 46 वर्षीय शामिल हैं। अभी तक 10 लोगों की मौत यहां स्क्रब टायफस के कारण हो चुकी है।