घनश्याम शर्मा। मनाली
प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्व शांति भवन जीवन दर्शन आध्यात्मिक आर्ट गैलरी मनाली द्वारा महाशिवरात्रि का पवित्र पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्मकुमारी बहन संध्या ने की। कार्यक्रम में नगर परिषद के अध्यक्ष चमन कपूर अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर झंडा लहराया गया और शिव आरती की गई। मुख्य अतिथि चमन कपूर ने कहा कि अज्ञानता ही पाप की जड़ है। आत्मा व परमात्मा को न जानना ही अज्ञानता है। उन्होंने सभी को शिवरात्रि की बधाई दी और बेहतर समाज रचने के लिए परमात्मा शिव के साथ मन लगाने की प्रेरणा दी। इस पवित्र पर्व के मौके पर कपूर ने मनाली वासियों से स्वच्छता के प्रति गम्भीरता दिखाने का भी आग्रह किया।
केंद्र की प्रभारी ब्रह्मकुमारी बहन संध्या ने कहा कि परमपिता परमात्मा शिव ज्ञान का नेत्रा प्रदान करते हैं, जिससे नकारात्मक सोच सकारात्मक बनती है। उन्होंने कहा कि मन को परमात्मा में लगाना ही राजयोग है। जो मानव में आंतरिक शक्ति बढ़ाने का स्रोत है। इस राजयोग से कार्यकुशलता व आत्मविश्वास बढ़ता है।
शिवरात्रि निराकार परमपिता परमात्मा शिव के अवतरण की यादगार यह पर्व सभी धर्मों व व्यक्तियों को एक सूत्र में पिरोने का त्यौहार है। दूसरी ओर भगवान शिव के सभी मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह ही लोग भोले के दरबार में उमड़ पड़े । भोले नाथ के मंदिर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से घाटी का माहौल भक्तिमय बन गया।
मनाली घाटी के सैकड़ों युवक-युवतियों ने भी अंजनी महादेव में बर्फ से बनी शिवलिंग के दर्शन किए। घाटी के सभी शिव मंदिर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठे। मनाली घाटी में सबसे अधिक भीड़ बराणा गांव के बराणी महादेव में देखने को मिली। यहां 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेक सुख व समृद्धि का आशीर्वाद लिया। बाजार स्थित सियाली महादेव मंदिर, भूतनाथ मंदिर, सियाली महादेव मंदिर सियाल में भी दिन भर श्रद्धालुओं का आना लगा रहा। देवता सियाली महादेव के कारदार जय चंद ने घाटी वासियों को शिवरात्रि पर्व की बधाई दी।