धर्म चंद वर्मा, मंडी
छोटी काशी मंडी में फिर एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा 24 सितम्बर को पड्डल मैदान में निश्चित हुआ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार किसी मोर्चा की रैली में भाग लेंगे। यह जानकारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने मंडी में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को पड्डल मैदान में प्रधानमंत्री युवा मोर्चा के एक लाख युवाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा युवा मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य और ऐतिहासिक स्वागत के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि मंडी में युवा मोर्चा रैली को सफल बनाने के लिए जुट गया हैं और इसको लेकर पिछले डेढ़ साल से भाजपा युवा मोर्चा तैयारी कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ना केवल देश के अपितु विश्व के सबसे ताकतवर नेता है और हिमाचल प्रदेश के साथ उनका भावनात्मक लगाव रहा है ,उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि मोदी के स्वागत और अभिनंदन के लिए हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कमर कस ली है और यह युवा रैली हिमाचल के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार होगा कि प्रधानमंत्री किसी मोर्चे की रैली में शिरकत करेंगे यह प्रदेश युवा मोर्चा के लिए गर्व की बात है।