हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
बिलासपुर पीओ सेल ने एक सडक दुर्घटना के मामले में अदालत द्वारा 23 अक्टूबर, 2019 को घोषित उद्घोषित अपराधी को भोजपुर सांई ब्राहमणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 17 नवंबर, 2010 को एनएच चंडीगढ़-मनाली पर कोठीपुरा के पास एक मोटरसाइकिल ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए आगे निकलने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक ने नियंत्रण खो दिया व वहां पर स्किड हो गया। इसमें भूरा राम व राजकुमार घायल हुए थे। इन दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया था।
बाद में पुलिस ने अपनी जांच में इस हादसे का मुख्य कारण मोटरसाइकिल चालक की तेज रफ्तारी व लापरवाही को माना था। पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया, लेकिन अदालत के बार-बार नोटिस जारी होने के बाद आरोपी एक बार भी अदालत में पेश नहीं हुआ। इस कारण अदालत ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी को विभिन्न स्थानों पर तलाश किया, लेकिन वह हर बार पुलिस से बच जाता था। पुलिस ने आरोपी भूरा राम निवासी भोजपुर सांई ब्राहमणा से आठ जून को गिरफ्तार किया। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।