जयसिंहपुर। उपमंडल की तलवाड़ पंचायत में पॉलीटेक्निकल कालेज से कुछ दूरी पर खोले गए शराब के ठेके के विरोध में के शनिवार सुबह 9 बजे तलवाड़ पंचायत की महिलाओं ने सुजानपुर जयसिंहपुर सड़क पर चक्का जाम कर शराब के ठेके पर ताला जड़ दिया। महिलाओं की एक ही मांग थी कि इस शराब के ठेके को तुंरत प्रभाव से बंद यहां से हटाया जाए।
इस ठेके के विरोध के संबंध में महिलाओं ने शुक्रवार को एसडीएम जयसिंहपुर को ज्ञापन सौंपा था। महिलाओं द्वारा चक्का जाम व धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस भी तुंरत मौके पर पंहुच गई व महिलाओं को समझा बुझा कर सडक़ को खुलवाया। लेकिन महिलाए पुलिस के सामने इसी बात पर अडिग रही की ठेके को अभी बंद किया जाए व प्रशासन व ठेके के विरोध में नारेबाजी करती रही।
11 बजे के करीब एसडीएम संजीव ठाकुर व तहसीलदार अभिषेक भास्कर भी मौके पर पंहुचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाओं का कहना था कि शराब के ठेके को अभी बंद किया जाए। बाद में एसडीएम द्वारा इस संबंध में पन्द्रह दिन के भीतर कार्यवाही करने के आश्वासन के बाद महिलाए शांत हुई व ठेके पर जड़े ताले को खोला।
एसडीएम संजीव ठाकुर ने बताया कि इस ठेके को लेकर वो एक्साइज विभाग के अधिकारियों से बात कर शीघ्र इस के समाधान निकालेंगे।