धर्मशाला । धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल के आगामी तीन मुकाबलों के लिए पंजाब किंग्स की टीम अपने दूसरे घर धर्मशाला पहुंच गई है। वीरवार को तय कार्यक्रम के मुताबिक शाम करीब साढ़े पांच बजे विशेष विमान से कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम के खिलाड़ी गगल एयरपोर्ट पहुंचे जहां से सभी खिलाड़ी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धर्मशाला के कंडी स्थित होटल रवाना हो गए।

इसे पूर्व पंजाब किंग्स की टीम का गगल हवाई अड्डे पर हिमाचली संस्कृति से स्वागत किया गया। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों को स्पेशल बसों के द्वारा कांगड़ा हवाई अड्डे से धर्मशाला के लिए रवाना किया गया। अपने पसंदीदा क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने एयरपोर्ट में खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया और उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश भी की, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी को भी खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने की अनुमति नहीं दी। वहीं इन क्रिकेट खिलाड़ियों के एक झलक पाने के लिए क्रिकेट प्रेमियों का हजूम लगा हुआ था, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा घेरे में नही जाने दिया गया।
तीन दिन जमकर अभ्यास करेगी टीम
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 11 मई को खेले जाने वाले मैच को लेकर मेजबान टीम तीन दिनों तक अभ्यास करेगी। एचपीसीए स्टेडियम में पंजाब की टीम शाम छह से नौ बजे तक आठ से 10 मई तीन दिन तक शाम छह से रात नौ बजे तक प्रैक्टिस करती नजर आएगी। जबकि सभी की नजरें अब धर्मशाला में होने वाले 11 मई को पंजाब किंग्स के साथ दिल्ली कैपिटल्स के रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं। इसमें पंजाब की नजरें अब लगातार तीन हार के बाद जीत का क्रम वापिस लाने की तरफ होंगी। इसके बाद 14 मई को पंजाब मुंबई इंडियंस के साथ व 17 मई को मेजबान को पूर्व चैंपियन आरसीबी के साथ मुकाबला खेलेगी।

मेजबान पंजाब किंग्स टीम के ये खिलाड़ी पहुंचे धर्मशाला
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंगलिस (विकेटकीपर), नेहल बढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार, विशाख विजयकुमार, मिच ओईन, विष्णु विनोद, यश ठाकुर, लॉकी फर्ग्यूसन, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर पन्नू, कुलदीप सेन, मुशीर खान, कूपर कोनली, बेन डिर्वासि, जेवियर बार्टलेट, पाइला अविनाश व प्रवीण दुबे शामिल हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम 9 मई को पहुंचेंगी धर्मशाला
वहीं धर्मशाला में पंजाब के साथ खेले जाने वाले पहले मुकाबले के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 9 मई को धर्मशाला पहुंचेंगी। 11 मई को खेले जाने वाला यह मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।








