नहीं बढ़ेगी सिटिंग कैपेसिटी, बड़े बदलाव से इनकार, सजने लगा क्रिकेट मैदान
धर्मशाला। पंजाब किंग्स की वेन्यू टीम चार दिनों तक एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल के तीन मुकाबलों को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के बाद वापस लौट गई। इससे पहले पंजाब किंग्स की वेन्यू टीम के करीब तीन दर्जन सदस्यों ने मई माह में होने वाले आईपीएल के तीन मुकाबलों को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के साथ संभावित कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा बनाई।
इस दौरान वेन्यू टीम ने चार दिनों तक लगाातार स्टेडियम के हर भाग का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण करने के साथ मुकाबलों से एन पहले किए जाने वाले कामों को लेकर अपनी रणनीति तैयार की। वेन्यू टीम में विभिन्न तरह की व्यवस्था से जुड़े 35 से 40 सदस्य शामिल रहे।

स्टेडियम में न बड़ा बदलाव, न बढ़ेगी सिटिंग कैपेसिटी
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर तैयारियों में जुटा एचपीसीए प्रबंधन किसी बड़े बदलाव से इंकार कर रहा है। कोई भी बड़ा बदलाव इन मुकाबलों के बाद से ही जमीन पर दिखाई देगा। प्रबंधन के अनुसार समय कम है तथा ऐसे में कोई भी बड़ा बदलाव नहीं किया जा रहा। वहीं सिटिंग कैपेसिटी जो कि 22 हजार के करीब है यथावत रहेगी। दशर््कों के बैठने की क्षमता में कोई बदलाव करना बड़ा प्रोजेक्ट होगा जिस पर फिलहाल कोई काम नहीं किया जा रहा है।
टीम का दूसरा होमग्राऊंड है धर्मशाला
बताते चलें कि धर्मशाला पंजाब किंग्स का दूसरा घरेलू मैदान है। आईपीएल के यहां कुल तीन मैच टीम खेलेगी। इन मुकाबलों में 11 मई को पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स। 14 मई को पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस तथा 17 मई को पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबले शामिल हैं। पंजाब किंग्स के मुकाबलों को देखने के लिए यहां दर्शकों में खासा उत्साह रहता है।

मार्च में हो चुका है अभ्यास सत्र
पंजाब किंग्स टीम के खिलाड़ी मार्च से ही चरणों में धर्मशाला पहुंचकर अभ्यास सत्रों में भाग ले चुके हैं। यहां पहुंच कर अभ्यास कर चुके टीम के खिलाड़ियों में प्रभसिमरन सिंह, हरप्रीत बरार और युजवेंद्र चहल जैसे मुख्य खिलाड़ी शामिल रहे हैं। वहीं मुकाबलों से करीब एक माह पूर्व अब वेन्यू टीम ने एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला का दौरा कर अपनी तैयारियों को धार दे दी है।
पर्यटन को मिलेगा बूस्ट, कारोबारियों में उम्मीद
आईपीएल मुकाबलों को लेकर प्रदेश के अलावा देश तथा विदेश के क्रिकेट प्रशंसकों में खासा क्रेज रहता है। पड़ोसी राज्य पंजाब के अलावा हरियाणा, जम्मू तथा दिल्ली समेत देश भर से यहां क्रिकेट के दीवानें मुकाबलों को देखने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मई माह में होने वाले क्रिकेट मुकाबलों के चलते पर्यटन कारोबार को बड़ा बूस्ट मिलने की उम्मीद कारोबारी लगा रहे हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बाम्बा के अनुसार कारोबारियों को आईपीएल मुकाबलों के चलते बढ़िया कारोबार की उम्मीद है। आईपीएल के दौरान पर्यटन कारोबार में हमेशा बढ़ोत्री दर्ज की जाती है।
एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले तीन मुकाबलों को लेकर पंजाब किंग्स की वेन्यू टीम ने चार दिनों तक स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया तथा दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं टीम ने आने वाले मुकाबलों को लेकर अपने करीब तीन दर्जन सदस्यों के साथ रणनीति बनाई तथा वीरवार को टीम धर्मशाला से वापिस लौट गई। दर्शक दीर्घा की क्षमता इन मुकाबलों में पहले की ही तरह रहेगी तथा अभी क्षमता बढ़ाने की किसी भी योजना पर कोई काम नहीं किया जा रहा है। क्षमता बढ़ाना काफी बड़ा कदम है तथा एक माह के बाद होने वाले मुकाबलों के चलते स्टेडियम में क्षमता बढ़ाने समेत कोई बड़ा बदलाव नहीं की जा रहा है। फिलहाल पूरा ध्यान आईपीएल मुकाबलों को लेकर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के काम का तेजी से करवाने पर है। -मनुज शर्मा, सचिव, एचपीसीए।








