जम्मू : केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी के दरबार में दर्शन किए। वह हेलीकॉप्टर से बर्फ से घिरे वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे।
दर्शन के बाद वह दोपहर बाद करीब पौने दो बजे जम्मू लौट आए। खराब मौसम की वजह से दो दिनों तक बंद रहने के बाद रविवार को हेलीकॉप्टर और रोप-वे सेवा को फिर से शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक गोयल के निर्माणाधीन उधमपुर-बनिहाल रेल संपर्क परियोजना की समीक्षा करने की उम्मीद है। पूरी होने पर यह रेल लाइन के जरिए कश्मीर को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह नवंबर को इस परियोजना को अगले साल तक पूरा करने के व्यापक निर्देश दिए थे। करीब एक फुट बर्फ भवन, भैरोघाटी, सांझी छत और हिमकोटि में जमा हो जाने के कारण शुक्रवार को हेलीकॉप्टर और रोप-वे सेवाओं को स्थगित करना पड़ा था। अधिकारियों ने कहा कि अब हालांकि तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है और हेलीकॉप्टर, रोप-वे और बैटरीकार समेत सभी सेवाएं संचालित की जा रही हैं।