हिमाच दस्तक। शिमला
हिमाचल की राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया। इस दौरान बिंदल ने कहा कि गत दिनों जारी रिश्वत ऑडियो सीडी मामले में कुछ लोगों द्वारा भारतीय जनता पार्टी पर अप्रत्यक्ष रूप से अंगुलियां उठाई जा रही हैं। हालांकि इस प्रकरण से भाजपा का कोई लेनादेना नहीं है। इस प्रकरण को भाजपा की ओर इंगित करना सरासर अन्याय है। प्रदेश सरकार इस ऑडियो सीडी की जांच विजिलेंस से करवा रही है। फिर भी कुछ लोग इसे अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के साथ जोड़ रहे हैं।
बिंदल ने कहा कि वह चाहते हैं कि इस कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की जाए और किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव न हो। इसीलिए मैं भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उच्च नैतिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल में भाजपा ने कोरोना महामारी के दौरान बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाया। तीन हजार से ज्यादा वीडियो कॉन्फें्रसिंग के जरिये 60 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उन्हें समाज सेवा के लिए भी प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप 5 लाख से अधिक भोजन पैकेट, 1.10 लाख से अधिक राशन किट व 30 लाख से अधिक फेस मास्क बांटे गए।