हिमाचल दस्तक। जयसिंहपुर
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत संघोल पंचायत के टिकरू गांव के निवासी व एनएसजी में कार्यरत राजेंद्र चौहान पुत्र कुलबीर चौहान को प्रेजिडेंट पुलिस मेडल फ़ॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है।
शनिवार को गृह मंत्रालय ने इसकी घोषणा की है। राजेंद्र चौहान को यह सम्मान उनकी सेवाकाल के दौरान सराहनीय कार्य, कुशलता, सच्ची लगन व निष्ठा से कार्य के लिए दिया गया है।
राजेंद्र चौहान वर्ष 1996 में असम राइफल्स में भर्ती हुए थे। उसके उपरांत वर्ष 2018 से एनएसजी में सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले भी वह गृह मंत्रालय से उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित हो चुके हैं। राजेंद्र चौहान को प्रेजिडेंट पुलिस मेडल मिलने पर गांववासियों में खुशी का माहौल है।