शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में नए अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर सियासी हलचल तेज है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी बीते दिन ही शिमला पहुंच चुकी हैं। जिनका अगले दो दिनों तक शिमला में ही रुकने का कार्यक्रम है, जिससे कांग्रेस पार्टी में नए अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, उन्होंने हिमाचल में जल्द कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन की बात कही है।
एआईसीसी सदस्य रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा देश के लोकतंत्र को कमजोर कर जनमत की भी चोरी कर रही है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के कई राज्यों में भाजपा के वोट चोरी के पुख्ता प्रमाण दिए हैं, लेकिन चुनाव आयोग इसकी कोई भी जांच नहीं कर रहा हैं। यह देश का दुर्भाग्य है कि आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहें है। आयोग अपनी जवाबदेही से भाग रहा हैं।
“वोट चोर, कुर्सी छोड़” हस्ताक्षर अभियान
रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस ने “वोट चोर, कुर्सी छोड़” का जो नारा देश में दिया है, उसे लोगों का भारी सर्मथन मिल रहा है। कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया भाजपा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान में लोग बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं। रजनी पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा उन्हें पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाती हैं, उसे उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करना चाहिए। “वोट चोर, कुर्सी छोड़” के तहत हस्ताक्षर अभियान को 15 अक्टूबर तक पूरा कर इसे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजें, जिससे इसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जा सकें।
“वोट चोरी करके बनाई सरकारें”
रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से शुरू किए गए इस अभियान जन-जन तक पहुंचाना है। देश के अलग-अलग राज्य में किस तरह वोट चोरी करके भारतीय जनता पार्टी ने सरकारें बनाई है, यह बीते दिनों राहुल गांधी ने साक्ष्यों के साथ पूरे देश को बताया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पार्टी कार्यकर्ताओं को ईडी और सीबीआई लगाकर डराए जाने का भी आरोप लगाया।