हिमाचल दस्तक। रामपुर बुशहर
रामपुर में शनिवार को अंतिम संस्कार के बाद स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की अस्थियां सोमवार सुबह उठा ली गई हैं। उनके पुत्र एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने परंपरा अनुसार पूजा पाठ के साथ यह रस्म पूरी की। इन अस्थियों को न केवल हरिद्वार में गंगा में प्रवाहित किया जाएगा, बल्कि लाहौल की चंद्रभागा नदी के अलावा कांग्रेस के सभी ब्लॉकों में अस्थियां भेजने का कार्यक्रम है।
सोमवार सुबह अस्थियां उठाते वक्त भी 50 से ज्यादा कलश बनाए गए हैं, जो अब ब्लॉकों में भेजे जाएंगे। अस्थि विसर्जन के लिए 17 जुलाई की तारीख तय हुई है और उससे एक या दो रोज पहले कलश सभी ब्लॉकों में पहुंच जाएंगे। हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के लिए विक्रमादित्य सिंह खुद जा रहे हैं। वीरभद्र सिंह की याद में पार्टी के स्तर पर अस्थि विसर्जन का यह कार्यक्रम करने का फैसला परिवार और कांग्रेस दोनों ने लिया है।