अनूप शर्मा। बिलासपुर
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने का कोई हक नहीं है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता खुद भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े मामलों में फंस चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के केंद्र में मंत्री पद पर रहते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे, जिन्हें हटाने अथवा कार्रवाई करने को लेकर कांग्रेसी नेताओंं ने कभी भी कोई बयान तक नहीं दिया। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेताओं द्वारा जयराम ठाकुर से मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस के मुद्दे पर कायम है। जब भी प्रदेश में भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है, प्रदेश भाजपा सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का नाम आते हुए स्वयं अपने पद से नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र देकर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के मुद्दे पर राष्ट्रीय नेतृत्व का जो फैसला होगा, वह मान्य होगा।