साहिल डढवाल। नूरपुर
भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के महामंत्री रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में रहकर हिमाचल को अनेकों तोहफे दिए हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल का छोकरा देशभर में सूबे का मान बढ़ा रहा है। वित्त मंत्रालय में अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुराग ठाकुर को प्रमोशन देकर सूचना प्रसारण जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय सौंपा है। हिमाचल के लिए यह गौरव की बात है।
कोरोना के समय जब हिमाचल आर्थिक संकट से जूझ रहा था तब अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में पक्ष रखकर सूबे को इस समस्या से उभारा। मोदी सरकार में रहकर अनुराग ठाकुर ने हजारों करोड़ रुपये हिमाचल के विकास को दिलाए। हिमाचल के लिए अनुराग ठाकुर के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
अब अनुराग ठाकुर के पास सूचना एवं प्रसारण और खेल जैसे दो महत्वपूर्ण मंत्रालय हैं। अनुराग ठाकुर की प्रमोशन के बाद अब हिमाचल का विकास दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ेगा।
निक्का ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए दिए गए योगदान के लिए अनुराग ठाकुर का नूरपुर आने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने दिल्ली जाकर अनुराग ठाकुर को नूरपुर आने का निमंत्रण दिया है। नूरपुर में अनुराग ठाकुर का आभार जताने के लिए बड़ी जनसभा की जाएगी जिसमें कम से कम 5 हजार लोग शामिल होंगे।