राजीव भनोट। ऊना
धर्मशाला की मंथन बैठक में मिले मंत्र के बाद प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने मिशन रिपीट के नारे को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है, जिसके चलते भाजपा के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों ने भी बैठकों का दौर शुरू कर दिया है।
महिला मोर्चा ने ऊना में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक आयोजित की, बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने विशेष रूप से शिरकत की उनके साथ राज्य महामंत्री वंदना गुलेरिया उपस्थित रही। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट को लेकर जरूरी दिशा निर्देश जारी किये।
बैठक में भाजपा महिला मोर्चा के एक बूथ 20 महिला कार्यकर्ता अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान रश्मिधर सूद ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। रश्मिधर सूद ने कहा कि कांग्रेस 2022 में सत्ता हासिल करने के सपने देख रही है जबकि यह सपना कभी सच साबित नहीं होगा।
इस दौरान रश्मिधर सूद ने महिला कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा चलाये जा रहे अभियानों का फीडबैक लिया। वहीँ कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट करने को लेकर टिप्स भी दिए। मीडिया के साथ निरन्तर इंटरेक्शन की बात भी कही, ताकि महिलाओं का पक्ष भी आ सके।
रश्मिधर सूद ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा बूथ को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और प्रत्येक बूथ पर 20 महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का यह अभियान प्रदेश में भाजपा को दोबारा सत्तासीन करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा 2022 में सत्तासीन होने के दावे पर पलटवार करते हुए रश्मिधर सूद व वंदना गुलेरिया ने कहा कि कांग्रेस मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और भाजपा पांच बार भाजपा बार बार भाजपा के नारे के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास संगठन है जबकि कांग्रेस अब पूरी तरह से बिखर चुकी है।
इस मौके पर उपस्थित रहे प्रभारी मीनाक्षी राणा, प्रदेश सचिव भाजपा महिला मोर्चा, जिप अध्यक्षा नीलम कुमारी, नप अध्यक्षा पुष्पा देवी, अंजू वाला, शक्ति शर्मा,मीनाक्षी, पार्षद उर्मिला देवी, आशा पवार, संजना देवी,रीतू अशोत्रा, सीमा दत्ता,ममता राणा,कमला देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नैहरिया मामला पारिवारिक, पूर्व कांग्रेस विधायक बताएं कहां हैं उनकी पत्नी
वहीँ धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया के मुद्दे को लेकर रश्मिधर सूद ने कांग्रेस को राजनीति न करने की नसीहत देते हुए कहा कि यह एक पारिवारिक मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि धर्मशाला से ही कांग्रेस के पूर्व विधायक बताएं उनकी धर्मपत्नी कहां है और वो किस महिला के साथ जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस एक अंगुली हम पर उठाएगी तो चार अंगुलियां उन पर भी उठेंगी।