एक चिकित्सक के सहारे अस्पताल, बीएमओ को देखने पड़ रहे मरीज
रोजाना सौ से डेढ़ सौ की होती है ओपीडी
हिमाचल दस्तक, परमिंद्र कटोच। नेरचौक
बल्ह के सिविल अस्पताल रति में चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय में रति अस्पताल एक चिकित्सक के सहारे चल रहा है जबकि अस्पताल में चिकित्सकों के 6 पद स्वीकृत हैं। रति अस्पताल में मात्र एक चिकित्सक होने के कारण अस्पताल प्रबंधन को रोजाना हो रही डेढ़ सौ से 200 ओपीडी चलाना मुश्किल हो गया है।
मजबूरन बीएमओ को भी मरीजों को देखना पड़ रहा है। जबकि बीएमओ को सिविल अस्पताल के प्रबंधन के साथ-साथ अन्य 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गागल बग्गी छमयार व पंडोह का प्रबंधन भी देखना होता है। एक ही चिकित्सक होने के कारण अब दिन को सेवाएं दें या रात्रि को सवाल खड़ा हो गया है।
मनमर्जी पर उतरी अनुबंध चिकित्सक
अस्पताल में एक अनुबंध चिकित्सक की भी नियुक्ति की गई है। लेकिन चिकित्सक पिछले 6 महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रही है। चिकित्सक को ड्यूटी देने के लिए बीएमओ व सीएमओ कार्यालय से कई मर्तबा पत्राचार के माध्यम से ड्यूटी देने के लिए कहा गया। लेकिन तब भी महिला डॉक्टर ड्यूटी नहीं दे रही है। बताया जाता है कि अनुबंध चिकित्सक चंडीगढ़ में पीजी की कोचिंग ले रही हैं।
सीएमओ मंडी जीवानंद ने बताया कि रति अस्पताल में चिकित्सकों को भरने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। साथ ही ड्यूटी नहीं दे रही अनुबंध चिकित्सक को भी कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं। जिसकी जानकारी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने बताया कि चिकित्सकों के पद भरने के लिए प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही चिकित्सकों को नियुक्ति प्रदान कर दी जाएगी अनुबंध चिकित्सक बिना छुट्टी लिए ड्यूटी पर नहीं आ रही है। मामले के बारे में जांच कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।