शिमला:
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस बार खुद जनमंच में उतरना पड़ रहा है। इसकी वजह है कि एकसाथ 10 जिलों में होने वाले जनमंच के लिए मंत्री कम पड़ रहे हैं। कैबिनेट में 2 सीटें खाली होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को सरकार तैनात कर रही थी। बिंदल के इस्तीफे के बाद विस अध्यक्ष अब हैं नहीं और उपाध्यक्ष भी 12 फरवरी को निजी कारणों से उपलब्ध नहीं हैं।
इस कारण अब आखिरी वक्त पर 12 फरवरी के जनमंच के शेड्यूल में बदलाव हुआ है। अब रामपुर के झाकड़ी में होने वाले शिमला जिले के जनमंच में विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज के उपलब्ध न होने के कारण परिवहन एवं वन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर जाएंगे। जबकि मंडी जिले के सिराज में लगने वाले जनमंच में अब खुद सीएम जयराम ठाकुर जाएंगे। यह इनका चुनाव क्षेत्र भी है। बाकी शेड्यूल जस का तस रखा गया है। यानी जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र में, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज कांगड़ा के देहरा में होंगे, लेकिन देहरा में यह जनमंच 19 फरवरी को होगा।
शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी सोलन के नालागढ़ में, कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडेय कुल्लू में, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार सिरमौर के शिलाई में, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर बिलासपुर के घुमारवीं में, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह चंबा के डलहौजी में और चीफ व्हीप नरेंद्र बरागटा हमीरपुर के बड़सर में होंगे।