हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
प्रदेश में होने वाले एक लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव और दो विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने मंडी संसदीय क्षेत्र, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्रों के लिए समन्वयक घोषित कर दिए हैं। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि मंडी लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है। उनके साथ सह प्रभारी मंत्री गोविंद ठाकुर और समन्वयक राकेश जम्वाल रहेंगे। इसी प्रकार से फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए मंत्री विक्रम ठाकुर को प्रभारी बनाया है। सह प्रभारी के रूप में मंत्री राकेश पठानिया एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती समन्वयक रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव हेतु मंत्री सुरेश भारद्वाज को प्रभारी नियुक्त किया गया है, उनके साथ दो सह प्रभारियों के रूप में मंत्री सुखराम चौधरी एवं डॉ. राजीव सैजल रहेंगे और पार्टी की ओर से समन्वयक डॉ. राजीव बिंदल को बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. राजीव बिंदल को राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य स्वयंसेवक कार्यक्रम का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा ने 21 जून से 31 जुलाई तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय भी लिया है, जिसके लिए समितियों का गठन किया गया है।
इसके तहत 21 जून को भाजपा मंडल स्तर पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है। रणधीर शर्मा ने कहा कि 23 जून से 6 जुलाई तक भाजपा पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन बूथ स्तर पर करेगी। इसके रतन सिंह पाल को प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल लगाने की तिथि 25 जून को भाजपा काला दिवस के रूप में मनाएगी। इसके लिए प्रवीण शर्मा प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन भी करेगी, जिस के लिए प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर की वर्चुअल कार्यसमिति की बैठक के लिए गठित समिति में महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर एवं राकेश जम्वाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। टीकाकरण अभियान की दृष्टि से गठित समिति की कमान भाजपा सचिव धनेश्वरी ठाकुर को सौंपी गई है। समिति के सदस्यों में प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर, राकेश शर्मा एवं कर्ण नंदा को स्थान दिया गया है।
सभी संगठनात्मक जिलों में बनेंगे दफ्तर
रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा सभी संगठनात्मक जिलों में कार्यालयों का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यालयों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है तथा कुछ पर काम शीघ्र शुरू होगा। रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक 30 जून को होगी। इसके बाद जिला कार्यसमिति बैठक का 1 से 15 जुलाई तक तथा उसके बाद मंडल कार्यसमिति की बैठक 16 से 31 जुलाई तक होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के वर्चुअल प्रशिक्षण शिविरों का शुभारंभ 20 जून से होगा और यह क्रम 6 सप्ताह तक चलेगा।