लाहौल-स्पीति। लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य महिला घायल हो गई है। पर्यटकों की कार कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के पास सड़क से लगभग 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार पर्यटक मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। धारा वाटरफॉल के निकट प्राकृतिक नजारे देखने के लिए वाहन रोका गया। चालक समेत अन्य पर्यटक वाहन से बाहर उतर गए जबकि कार में दो महिलाएं और एक बच्चा मौजूद था। इसी दौरान वाहन अचानक ढलान पर फिसल गया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बैक गियर में पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में समा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
मनाली अस्पताल में चिकित्सकों ने तनु कुमारी (26) पत्नी दीपक कुमार सिंह और उनके 11 माह के पुत्र दक्ष कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सियाराम एन्क्लेव के निवासी थे। हादसे में घायल सविता देवी (52) पत्नी मनोज सिंह, निवासी वैशाली (बिहार) का मनाली के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के फिसलकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।







