लगातार तीन दिनों में तीन सड़क हादसे, एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा ढलियारा के यह तीखे मोड़
कांगड़ा। मुबारिकपुर-रानीताल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-503) पर ढलियारा के तीखे मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। ज्वालामुखी से नंगल जा रही एक टेंपो ट्रैवलर और चिंतपूर्णी से ज्वालामुखी जा रही एक कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ब्रेक न लगने के कारण हुआ बताया जा रहा है।

हादसे में दोनों वाहनों में सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सूचना मिलने पर एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ढलियारा के तीखे मोड़ बने एक्सीडेंट जोन
गौरतलब है कि ढलियारा के तीखे और खतरनाक मोड़ अब लगातार हादसों के कारण एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा है। पिछले तीन दिनों में इस स्थान पर यह तीसरा सड़क हादसा है। इससे पहले भी यहां तीखे मोड़ों पर दो ट्रक अनियंत्रित होकर पलटे वहीं पिछले कल वीरवार को जयपुर के मानसरोवर से अमरनाथ यात्रा पर जा रही यात्रियों से भरी बस दुर्घटना का शिकार होते होते बची। इस क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है और वे इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।








