ऊना। पुलिस थाना सदर ऊना के तहत रक्कड़ कॉलोनी में रास्ता रोककर गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में आशुतोष दूबे निवासी मलाहत ने बताया कि बीते कल अपनी माता के साथ कार में भरमोती की ओर जा रहा था। जब वह रक्कड़ कॉलोनी स्थित जशन मोटर के पास पहुंचा, तो शुभम रायजादा निवासी संतोषगढ़ ने अपनी गाड़ी उसके वाहन के आगे खड़ी कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकियां दीं। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शुभम रायजादा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।








