जय प्रकाश। संगड़ाह
विकास खंड संगड़ाह की महिलाओं द्वारा बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे रोडो जूस व स्क्वैश की राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सराहना की।
महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उक्त घरेलू उत्पादों को बेचने के लिए उन्हे निशुल्क दुकान उपलब्ध करवा चुके पंचायत संगड़ाह के अध्यक्ष मेलाराम शर्मा द्वारा वीरवार को महामहिम को इस बारे विस्तृत जानकारी दी गई।
मेलाराम शर्मा ने शिमला में राज्यपाल महामहिम आर्लेकर से शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्हें सिरमौर जिला की सामाजिक, आर्थिक व लोक सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यपाल के प्रेस सचिव रह चुके मेलाराम शर्मा ने आर्लेकर को हिमाचल का राज्यपाल बनने पर बधाई दी और उनका औपचारिक स्वागत किया।
उन्होंने राज्यपाल को संगड़ाह विकास खंड की महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किया गया बुरांस का जूस भेंट करते हुए इसके औषधीय गुणों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के समूहों द्वारा बुरांस का जूस, जैम व स्क्वैश तैयार किए जाने से न केवल इस गुणकारी अमूल्य वन संपदा का सदुपयोग हो पाया है, बल्कि यह सैकड़ों महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का साधन भी बना है। राज्यपाल ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए बुरांस के फूलों के जूस व अन्य उत्पादों की सराहना की।