शिमला। शिमला जिला के रोहड़ू में कोर्ट और एसडीएम ऑफिस को उड़ाने की धमकी मिली है। वहीं धमकी से जुड़ा एक पोस्टर शिमला के एवर सन्नी में दीवार पर मिला है, जिसमें लिखा गया कि कोर्ट परिसर और एसडीएम ऑफिस में धमाके की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी। जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

वहीं शिमला के सदर थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई है। डॉग स्क्वायड की टीम ने रोहड़ू के कोट परिसर और एसडीएम ऑफिस में सर्च ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध वस्तु की जांच की, लेकिन पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने किए शुरू
पुलिस ने सुबह के वक्त अदालत परिसर और एसडीएम ऑफिस को खाली कराया। पुलिस हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। शिमला पुलिस ने पोस्टर लगाने वाले अज्ञात लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने एवर सन्नी में लगा पोस्टर हटा दिया है।
लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।-मेहर पंवर, एएसपी।








