दशमी रावत। रोहडू
तहसील चिढगांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत शिलादेश के थलाथर में आग लगने से 2 मकान जलकर राख हो गए। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है और दोनों परिवार सोना-चांदी, बर्तन सहित अपना सबकुछ गंवा चुके हैं। घरों में आग सुबह 8 बजे के करीब लगी, जब घर पर परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।
आग लगने से 2 परिवार के 12 सदस्य बेघर हो गए हैं। अभी तक आग लगने के कारणो का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से बेघर हुए प्रति परिवार को फौरी राहत के तौर पर 5 -5 हजार रुपये की मदद की गई है। प्रभावित दोनों परिवारों सूरज सिंह पुत्र झाबू राम व सुंदला देवी पत्नी भजन सिंह के सभी 12 सदस्यों के लिए राशन, कपड़े, बर्तन और टेंट की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई है।
ग्राम पंचायत शिलादेश के उपप्रधान विद्या प्रकाश ने कहा कि आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि गांव वालों ने आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
उन्होंने कहा कि देखते ही देखते परिवार के सदस्यों के सामने ही आशियाना जल कर राख हो गया। इस दौरान दोनों परिवार के 12 सदस्य अपने पहने हुए कपड़ों के सिवाय कुछ भी नहीं बचा पाए।