रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड की ओर से टेक्नीशियन ग्रेड 1 व ग्रेड 3 के 6565 रिक्त पदों को भरने के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। अधिसूचना के मुताबिक इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 जून से स्टार्ट की जाएगी जो निर्धारित अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। नोटिफिकेशन के मुताबिक आरआरबी की ओर से टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल के 323 पदों पर वहीं टेक्नीशियन ग्रेड 3 के 6242 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

यहां जाने महत्वपूर्ण जानकारी
आरआरबी टेक्नीशियन ग्रेड 1 पदों पर आवेदन के लिए अभ्यर्थी का संबंधित क्षेत्र में बीएससी/ बीटेक/ बीई/ 3 वर्षीय पॉलिटेक्निक डिप्लोमा आदि उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु 33 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
रेलवे टेक्नीशियन ग्रेड 3 पदों पर आवेदन के लिए अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण होने के साथ ITI पास होना चाहिए। ग्रेड 3 पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 साल एवं अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों के लिए सीबीटी परीक्षा जरूरी
इस भर्ती में चयन के लिए पहले उम्मीदवारों को सीबीटी परीक्षा से गुजरना होगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एवं मेडिकल एग्जामिनेशन के लिए आमंत्रित किया जाएगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी।
कितना होगा वेतन
इस भर्ती के माध्यम से टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 29200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अलावा टेक्नीशियन ग्रेड 3 पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 19900 रुपये प्रतिमाह सैलरी प्रदान की जाएगी। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी नोटिफिकेशन जारी होने के साथ साझा की जाएगी।










