धीरज चोपड़ा।पांवटा साहिब
शिलाई उपमंडल में बहने वाली टोंस नदी के समीप नहाते हुए शिलाई भाजपा मंडल उपाध्यक्ष डूब गए। अभी तक इस युवा नेता का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद करीब 4 बजे शिलाई के प्रसिद्ध व्यापारी एवं भाजपा नेता महेंद्र सिंह नेगी अपने दोस्तों के साथ टोंस नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूर्यास्त तक क्षेत्र के करीब 300 लोगों ने टोंस नदी के दोनों छोर में नेता की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। प्रशासन आपदा प्रबंधन व ग्रामीणों की कई टीमें लापता नेता की तलाश कर रही हैं। महेंद्र सिंह नेगी पूर्व विधायक जगत सिंह नेगी के पुत्र राजेंद्र एडवोकेट के साला हैं तथा इनके पिता हीरा सिंह नेगी शिलाई के जाने-माने कारोबारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह नेगी एक शादी में गए हुए थे। इसी बीच दोपहर को अपने दोस्तों के संग टोंस नदी में नहाने चले गए। इस दौरान वह तेज बहाव में बह गए। दूसरे दिन सोमवार को भी सर्च अभियान जारी रहा। डीएसपी पांवटा वीरबहादुर सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। स्थानीय लोगों व गोताखोरों के साथ मिल कर इस युवा नेता की तलाश की जा रही है।