राजीव भनोट। ऊना
सदर ऊना भाजपा महिला मोर्चा कोविड संकट के इस समय मास्क बनाने का कार्य कर रहा है, ताकि हर व्यक्ति को मास्क उपलब्ध हो सके। इस कार्य में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मास्क बनाने का काम कर रही हैं।
बुधवार को नगर परिषद ऊना की अध्यक्ष पुष्पा देवी व महिला मोर्चा की राज्य सचिव व ऊना की प्रभारी मीनाक्षी राणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम ऊना डा. निधि पटेल से मुलाकात कर उन्हें कोविड कार्यों में लगे कर्मचारियों व स्टाफ के लिए कपड़े से बने मास्क उपलब्ध करवाए। इस मौके पर महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पार्षद उर्मिला चौधरी व महिला मोर्चा की नेत्री रितु असोत्रा उपस्थित रही।
पुष्पा देवी व मीनाक्षी राणा ने कहा कि महिला मोर्चा हर गांव व शहर में मास्क बनाकर बांटने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर व्यक्ति तक मास्क पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह है तो छोटा सा प्रयास लेकिन मास्क कोरोना वायरस से बचाव का महत्वपूर्ण हथियार है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसी कड़ी में मास्क प्रदान किए गए है। एसडीएम डा. निधि पटेल ने महिला मोर्चा के प्रयास को सराहा। उन्होंने कहा कि इन मास्क का सदुपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग नियमों का पालन करें और कोविड के इस संकट में मददगार बने। उन्होंने कहा कि कोविड रोगियों व उनके परिवारों के साथ सहानुभूति रखें और उनका हौसला बढ़ाएं।