नरेंद्र शर्मा। मंडी
बॉलीवुड स्टार सलमान खान की बहन और बहनोई के कोविड-19 के सैंपल 23 जून को लिए जाएंगे। पंडित सुखराम के पोते व अभिनेता आयुष शर्मा और उनकी पत्नी अर्पिता पिछले हफ्ते ही मुंबई से मंडी पहुंचे थे। उनके कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल 23 जून को लिए जाएंगे। उनके दो बच्चे भी साथ ही आए हुए हैं। गौर रहे कि अभिनेता आयुष शर्मा अपनी पत्नी के साथ निजी हेलिकॉप्टर से मंडी के कांगणीधार हेलिपैड पहुंचे थे। उसके बाद उन्हें प्रशासन द्वारा होम क्वारंटाइन किया था। डीसी मंडी ने गाइडलाइन के तहत यह कार्रवाई की और उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन करने के बजाय होम क्वारंटाइन किया। बताया जा रहा है कि जो स्टाफ उनके साथ आया था, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह स्टाफ अब मुंबई लौट चुका है। उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने से अभिनेता आयुष में भी कोरोना की संभावनाएं कम ही दिखाई दे रही हैं। इसकी पुष्टि एसडीएम सदर निवेदिता नेगी ने की है।