जय प्रकाश। संगड़ाह
वन मंडल रेणुकाजी के खलांडो बीट मे काटे गए देवदार के विशाल पेड़ों के मामले में डीएफओ श्रेठानंद शर्मा द्वारा पिछले 2 दिनों से लगातार छानबीन की जा रही है। अब तक की छानबीन में देवदार 90 स्लीपर व एक बड़ा पेड़ काटा हुआ बरामद हो चुका है। इस मामले की पुलिस चौकी रोहनाट में एफआईआर भी दर्ज करवाई जा चुकी है।
खलांडो बीट के एक चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि वहाँ पर तैनात फारेस्ट गार्ड को लाइन हाजिर कर दिया गया है। गार्ड को रिलीव कर नाहन भेज दिया गया है।
डीएफओ श्रेष्ठानंद शर्मा ने बताया कि जंगल मे देवदार के कुल 5 पेड़ काटे गए हैं, सभी पेड़ संभवतः 8 मार्च को काटे गए तथा 9 फरवरी की रात को लकड़ी का ढुलान शुरू किया गया था। उन्हें 10 फरवरी को इसकी जानकारी मिल गई थी और इसी दिन डिप्टी रेंजर को मौके पर भेज दिया गया था।
छानबीन करने के बाद डिप्टी रेंजर को इस मामले में कोई खास कामयाबी हासिल नही हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार से वह खुद घटनास्थल पर तहकीकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कटान को अंजाम देने में किसी बड़ी मछलियों का हाथ होने की आशंका है।
मामले में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ होने की भी पूरी संभावनाएं हैं। डीएफओ ने बताया कि काटी गई लकड़ियों की तस्करी की योजना थी मगर उन्होंने तस्करों की सारी योजना पर पानी फेर दिया है।
उन्होंने बताया कि 3 पेड़ों को किसने काटा है। इस बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है मगर 2 पेड़ एक स्थानीय व्यक्ति ने काटे हैं। डीएफओ ने बताया कि तस्कर अभी पकड़ से बाहर हैं, मगर उन्होंने दावा किया कि एक दो दिन के भीतर तस्कर उनकी गिरफ्त में होंगे।