जय प्रकाश। संगड़ाह
हरिपुरधार में टायर फटने व कड़ा उछलने से 42 वर्षीय मिस्त्री जगत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी हरिपुरधार में प्राथमिक उपचार के बाद मेकेनिक को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।
जगत सिंह को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। यदि कड़ा सिर में लगता तो जगत सिंह की जान को भी खतरा पैदा हो सकता था। जगत सिंह दोपहर बाद करीब पौने 1 बजे अपनी वर्कशॉप में एक टायर में हवा भर रहा था।
अचानक टायर फट गया और टायर का कड़ा उछल कर उसके बाईं तरफ के जबड़े में लग गया। वहां पर मौजूद लोग उसे तुरंत सीएचसी ले गए तथा प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि जगत सिंह को चोट गंभीर है, मगर चिंता वाली कोई बात नहीं है।