हिमाचल दस्तक। संगड़ाह
उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले बड़ग मार्ग पर खड़ोण नाला के समीप एक टिप्पर (एचपी 71-0482) करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में टिप्पर में सवार 3 व्यक्तियों की मौत हो गई। टिप्पर में सवार 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार भूतमड़ी चूना खदान पर कार्यरत टिप्पर खड़ोण नाला में चूना पत्थर खाली करने के उपरांत वापस माइन पर जा रहा था और थोड़ी दूर जाने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। वाहन चालक सहित इसमे 5 व्यक्ति सवार थे, जिनमे से 2 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
रविंद्र (20) पुत्र बलवीर सिंह, गांव धवाडी व जगिया (47) गांव गनोग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। 3 घायलों में से 2 सगे भाई अशोक (26) व संजय (22), पुत्र मेला राम गांव नेरा-बाग के अलावा पवन उर्फ निखिल (19)गांव चांबी को स्थानीय ग्रामीणों ने घायल अवस्था में ददाहू चिकित्सालय पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यह सभी लाइमस्टोन माइन पर मजदूरी का काम करते थे। उपमंडल संगड़ाह में मौजूद 5 चूना खदानों पर नियमों की अनदेखी तथा वाहन हादसों के चलते इससे पहले भी कई लोग जान गंवा चुके हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संगड़ाह से एएसआई बालाराम ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
एसडीएम संगड़ाह डॉ. विक्रम नेगी ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को 25-25 तथा घायलों को क्रमशः 5-5 हजार की तुरंत राहत राशि जारी की गई है। केस तैयार होने पर मृतकों के आश्रितों को सरकार की ओर से क्रमशः 4-4 लाख की कुल राशि नियमानुसार जारी होगी।