विजय ठाकुर। सरकाघाट
सरकाघाट उपमंडल की जिला परिषद के वार्ड थौना की सीट जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के समधी व प्रदेश मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर के ससुर पृथ्वीराज धूमल के लिए नाक का सवाल बन गई है। उनके पक्ष में आए मंत्री पुत्र और प्रदेश मीडिया सहप्रभारी रजत ठाकुर का जगह-जगह विरोध हो रहा है।
शुक्रवार शाम को रजत ठाकुर और पृथ्वीराज धूमल के काफिले को स्थानीय युवाओं ने गौणटा पंचायत मुख्यालय पर घेर लिया। इस दौरान युवाओं ने धर्मपुर के लोगों को जलशक्ति विभाग में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में सरकारी नौकरियां देने का भी विरोध किया। सरकाघाट भाजपा मंडल समर्थित प्रत्याशी चंद्रमोहन के कार्यकर्ताओं ने रजत ठाकुर को मंच से बोलने नहीं दिया ।
शनिवार सुबह भी चौक ब्राडता पंचायत में युवाओं ने रजत ठाकुर को बोलने नहीं दिया। यह विरोध क्या रंग दिखाएगा, यह तो 22 जनवरी को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा, लेकिन इस वार्ड में 2 धड़ों में बंटी नज़र आ रही है।