विशेष संवाददाता। शिमला
हिमाचल प्रदेश के नए मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने सरकार के साथ अपनी प्राथमिकताएं तय करते हुए कई बड़े ऐलान किए हैं। संजय गुप्ता ने कहा कि हिमाचल सरकार की अगले 2 साल के लिए सात प्राथमिकताएं हैं जिनपर सरकार पूरी तरह से फोकस करेगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को अनुशासन में रहने को कहा वरना सख्ती बरती जाएगी।
अपना पदभार संभालने के बाद नए मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के अधिकारियों को अनुशासन कायम करना होगा जिसके लिए मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को हुई बैठक में साफ निर्देश दिए हैं कि सभी लोग सुबह 10:00 बजे से पहले अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अनुशासनहीनता करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सरकार पूरी तरह से सख्ती बरतने जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी टूअर पर जाने से पहले इसकी पूर्व अनुमति लेंगे और वो दफतर में नहीं है इसकी सूचना उनके संबंधित मंत्री को और मुख्यमंत्री को होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि विभागीय फाइलों का निस्तारण तय समय पर होना चाहिए क्योंकि वह खुद भी 15 दिनों में रिव्यू करेंगे और इसकी रिपोर्ट सीएम को देंगे। उन्होंने कहा कि समय पर फाइलों का निपटारा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।
संजय गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों में अनुशासन होना बेहद ज्यादा जरूरी है। राज्य बिजली बोर्ड में भी वह अकेले ऐसे अध्यक्ष थे जो समय पर पहुंचते थे और वहां उन्होंने अनुशासन को कायम कर दिया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी समय के पाबंद हैं इसलिए दूसरी भी हों इसकी अपेक्षा सभी अधिकारियों से रहेगी।









