कांगड़ा। कांगड़ा एयरपोर्ट पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही उड़ान के एक यात्री को 78 जिंदा रौंद तथा 4 लाख रूपए नकदी के साथ एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। आरोपी रिटायर्ड कर्नल बताया जा रहा है। पुलिस थाना गग्गल में चीलगाड़ी निवासी पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कारवाई की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर दिल्ली की फलायट में जा रहे यात्री के चेक इन के समय हुई जांच में यात्री के बैग की स्कैनिंग में संदिग्ध सामान होने का पता चलने पर बैग की जांच की गई तो इसमें कुछ जिंदा रौंद बरामद हुए। इसके बाद एयरपोर्ट ऑथारिटी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान कुल 78 छोटी दूरी के जिंदा कारतूस और 4 लाख रुपये नकद बरामद किए।
आरोपी इन कारतूस को लेकर कोई लाइसेंस नहीं प्रस्तुत कर सकता जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर जिंदा रौंद कब्जे में ले लिए हैं। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।