सरकाघाट:
प्रवासी मजदूरों को लॉकडाउन के दौरान किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसके लिए सेवा संकल्प समिति आगे आई है। इस वर्ग की मदद के लिए समिति ने नगर पंचायत सरकाघाट को गोद लिया है।
समिति ने शनिवार और रविवार को दूसरे चरण में प्रवासी मजदूरों को 5 किलो आटा, 5 किलो चावल, 2 किलो दाल सहित जरूरत की चीजें व मास्क मुफ्त वितरित भी किए। इससे पहले सेवा संकल्प समिति ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एसडीएम के माध्यम से एक लाख का चेक भी भेजा है। गौरतलब है कि सेवा संकल्प समिति द्वारा नगर पंचायत सरकाघाट के 7 वार्डों में रह रहे बाहरी राज्यों के करीब 3 हजार मजदूरों को गोद लिया हुआ है। नगर पंचायत में कोई मजदूर भूखा न रहे, इसके लिए सेवा संकल्प समिति ने 14 अप्रैल तक 250 राशन की किटें वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सरकाघाट से विजय ठाकुर।