कमल शर्मा। शाहतलाई
देश में लगातार रसोई गैस सिलेंडर सहित डीजल और पेट्रोल की बढ़ रही कीमतों पर युवा कांग्रेस उग्र हो गई है। इन कीमतों के बढ़ने के विरोध में जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष पंकज राणा की अगुवाई में शाहतलाई युवा कांग्रेस ने बुधवार को शाहतलाई में आक्रोश रैली निकाल कर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूर्व विधायक डॉक्टर बीरू राम किशोर ने आम आदमी को राहत देने के लिए इन कीमतों को कम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर कीमतें नहीं घटती हैं तो युवा कांग्रेस देश सहित प्रदेश भर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि से गरीब जनता पर इसका सीधा असर पड़ा है।
सिलेंडर की लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। इसी तरह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का रेट गिरने के बाद भी हर दिन पेट्रोल और डीजल कीमतें बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अगर केंद्र और राज्य सरकार ने इसका संज्ञान नहीं लिया तो युवा कांग्रेस देश भर में उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान प्रदेश महासचिव अब्दुल खलिक,ब्लॉक उपाध्यक्ष शिवम, चमनलाल शर्मा, रमन शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।