हिमाचल दस्तक। शाहतलाई
पिछड़ा क्षेत्र कोटधार की ग्राम पंचायत जडू कुल्जयार के गांव चौंता से पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है कि विदेशी नागरिक कहां से आया तथा उसके यहां आने का मकसद क्या था।
उल्लेखनीय है कि यह विदेशी नागरिक गोबिंद सागर के किनारे पर पाकिस्तान की जय के नारे लगा रहा था। जब लोगों ने उसके पास जाकर बातचीत करनी चाही तो वह विदेशी नागरिक जिस भाषा में बात कर रहा था, वह भाषा स्थानीय लोगों को समझ नहीं आ रही थी।
जब उससे शोर-शराबे का कारण पूछा तो फिर पाकिस्तान के नारे लगाने में मशगूल हो गया। लोगों ने इस बारे में पुलिस थाने को सूचित किया। जब पुलिस थाना प्रभारी कर्म सिंह ठाकुर ने भी उक्त विदेशी नागरिक से बातचीत करनी चाही, लेकिन विदेशी नागरिक कुछ समझ नहीं रहा था।
उसके पश्चात पुलिस उसको पकड़कर पुलिस थाने ले आई। वहीँ जिला बिलासपुर के चांदपुर में पढ़ रहे विदेशी युवकों से इसकी बातचीत करवाई तो उन्होंने बताया कि यह विदेशी नागरिक बांग्लादेश का रहने वाला है।
जब इस संदर्भ में पुलिस थाना प्रभारी कर्म सिंह ठाकुर से संपर्क किया तो उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि गोबिंद सागर झील के किनारे से एक विदेशी नागरिक को पकड़ा है। उसके पास कोई भी पहचान पत्र व पासपोर्ट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।