कमल शर्मा। शाहतलाई
कोटधार की ग्राम पंचायत डूडियां के टीहरी में बाल विकास परियोजना झंडूता के सौजन्य से पोषण अभियान का शिविर लगाया गया। यह शिविर वृत्त भडोली कलां की पर्यवेक्षक अधिकारी राज धीमान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक अधिकारी राज धीमान ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भोजन के वे सभी तत्व जो शरीर में आवश्यक कार्य करते हैं, उन्हें पोषण तत्व कहते हैं। यदि ये पोषण तत्व हमारे भोजन में उचित मात्रा में विद्यमान न हों, तो शरीर अस्वस्थ हो जाएगा। हमारे भोजन में कुछ ऐसे तत्व भी होते हैं, जो पोषण तत्व नहीं होते। जैसे रंग व खुशबू देने वाले रासायनिक पदार्थ।
उन्होंने इस दौरान महिलाओं को पौष्टिक आहार के फायदे और स्वस्थ रहने के टिप्स दिए तथा कुपोषण के लक्षण और उसके बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार लेकर गर्भवती माताएं अपना और शिशु दोनों का ख्याल अच्छे से रख सकती हैं। अंकुरित दालों, मौसमी फल, सब्जियों और दूध का सेवन नियमित रूप से करने से बीमारियों को दूर रखा जा सकता है।