हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन:
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह द्वारा शिक्षकों के प्रति दिए गए बयान की प्रदेश में कड़ी निंदा की जा रही है। कांग्रेस सहित अन्य संगठनों ने उनके इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें मंत्रिपद से बर्खास्त तक करने की मांग कर डाली है। हालांकि मंगलवार को महेंद्र सिंह ने अपने इस बयान पर शर्मिंदगी जताते हुए इसे मजाक में कहने की बात कही है।
बावजूद इसके राज्य में उनके इस बयान की कड़े शब्दों निंदा की जा रही है। मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय सोलंकी जल शक्ति मंत्री के बयान को शर्मनाक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षक की अहम भूमिका होती है। कोरोना काल के दौरान शिक्षकों ने अपनी सेवाएं निरंतर दी। इसके अलावा शिक्षकों की अस्तपाल और बैरियर पर भी ड्यूटियां लगाई गई।
इसके बावजूद भी जल शक्ति मंत्री का ऐसा बयान उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। सोलंकी ने कहा कि जल शक्ति मंत्री तो डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों को भी भूल गए हैं, जिन्होंने दिन रात एक वारियर्स के रूप में अपनी सेवाएं दी है। वार्ता के दौरान अजय सोलंकी ने स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल को भी आड़े हाथों लेते हुए नाहन विस क्षेत्र में हुए विकास लेकर खुली बहस की चुनौती भी दी।