धीये तिज्जो ग्लाया, नुएं तू कन्न कर , व्यापमं पर शांता की महक महसूस करवा रही दहक, लफ्जों के मायनों पर सियासी कयासों की आई बहार
उदयबीर पठानिया : शांता कुमार का एक सियासी तकिया-कलाम है,’ मैंने तो तब भी कहा था पर सुना नहीं। अब भुगतिये…।’ अकसर शांता यह बात तब बोलते हैं जब उनको यह अहसास होता है कि फलां मुद्दे पर उस वक्त उन्होंने फलां बात कही थी, मगर उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया और अब देखो वैसे ही हो गया। अगर मेरे बोलों की तब कदर कर ली गई होती तो अब ऐसा न होता।
शांता कुमार बाकायदा वो दिन-वक्त भी याद दिलवा देते हैं, जिस दिन उन्होंने वो बात कही होती थी। अब फिर शांता कुमार को मध्य प्रदेश का व्यापमं घोटाला याद आ गया है और उस वक्त हाईकमान को दी हुई सलाह भी याद आ गई है। पंडित जी ने व्यापमं घोटाले में एक साथ 30 दोषियों को हुई सजा पर कहा कि अगर उनकी कही बात की सुनवाई वक्त पर हो जाती तो बहुत बड़े कलंक से बच जाते और मध्य प्रदेश की सरकार भी हाथ से नहीं जाती।
बीते मंगलवार को उन्होंने यह प्रतिक्रिया व्यापमं घोटाले के अंजाम को लेकर दी। अब इस बयान के कई मायने वाया मध्य प्रदेश, हिमाचल सरकार को लेकर निकाले जा रहे हैं। आम जनता के साथ सियासी माहिर भी यह मान रहे हैं कि मध्य प्रदेश को ‘मध्य’ में रख कर शांता कहीं जयराम ठाकुर को तो नहीं सुना रहे? इन कयासों की वजहें भी हैं। व्यापमं में यह आरोप था कि बाहरी राज्यों के पढ़े-लिखे लोग प्रवेश परीक्षाओं में दूसरों के नाम पर बैठ रहे थे।
हिमाचल में भी यह खुलासा बीती पुलिस परीक्षा में हो चुका है। तब भी शांता गरमाए थे। क्लास थ्री और क्लास फोर की नियुक्तियों में सचिवालय के भीतर ही बाहरी राज्यों के बाबू लगे हैं। इन्वेस्टर मीट में भी धारा-118 के तहत ढील के नाम जमीनों के बेचने के आरोप लग रहे हैं। कई विभागों में बड़े स्तर पर घोटालों के घालमेल की खबरें भी हैं। पुख्ता सूत्रों के मुताबिक शांता कुमार मंत्रिमंडल में फेरबदल करने के मामले को लेकर खासे गंभीर हैं। सूत्र यह दावा करते हैं कि शांता नए चेहरों के पक्ष में हैं।
कई मर्तबा सरकार सुप्रीमो भी शांता को यह बोल चुके हैं कि जल्द ही फेरबदल हो जाएगा। पर हो कुछ नहीं रहा, तो कहीं ऐसा तो नहीं है कि शांता कुमार वक्त रहते वक्त पर सब सेट करने में हो रही देरी को लेकर जयराम सरकार समेत बीजेपी हाईकमान को भी सुना-समझा रहे हैं? सोशल मीडिया पर शांता कुमार के बयान को लेकर गॉसिप्स का दौर चला हुआ है। कोई शांता कुमार को साधुवाद दे रहा है तो कोई उनको चतुर सियासी साधु की संज्ञा दे रहा है।
जाहिर सी बात है कि शांता के हर बोल का मोल भाजपा की सियासत में रहा है। उनके कोप भाजन का शिकार होने से आज तक का हर सीएम दफ्तर (वीरभद्र सिंह का भी) और नेता बचते रहे हैं। अब शांता फिर से व्यापमं को लेकर अपनी सोच के महक भरे बयान दाग रहे हैं। इस महक में दहक का भी अक्स दिख रहा है।
सियासत है, बोलों के ढोलों की धमक ही अहम होती है। नजर कहीं और होती है और निशाना कहीं और होता आया है। शांता के ताजा बयान से एक बात तो साफ है कि वह अब भी ऐसे पहलवान हैं, जो कुश्ती के लिए अखाड़े में भले न उतरें, मगर उनके दांव-पेच आज भी पटकनी देने में दम तो रखते ही हैं, भले ही घबराहट पैदा करने का दांव क्यों न हो…
खत की खताएं
खत लिख कर हर किसी को उसकी ‘खताओं’ से रू-ब-रू करवाने के लिए मशहूर शांता ने व्यापमं घोटाले को लेकर पूर्व में एक खत लिखा था। इसमें मांग की थी कि वक्त रहते कार्रवाई की जाए, पर किसी नामुराद ने यह खत लीक कर दिया था। मामा शिवराज सिंह की सरकार पर तो कोई असर नहीं पड़ा, उल्टा शांता घिर गए थे।
व्यापमं में फंसे हैं नेता
व्यापमं घोटाले में कई भाजपा नेता भी नामजद हुए थे। अब हिमाचल सरकार के कुछ नेताओं के नाम भी अलग-अलग नकारात्मक वजहों से चर्चाओं की वजह बने हुए हैं। खुद शांता कुमार भी एक पत्र बम की वजह से व्यथित हैं। ऐसे में शांता का फिक्रमंद होना, कहीं न कहीं सरकार की शांति के मामले में अलार्मिंग सिग्नल माना जा सकता है।
शांता जी ही डाक महकमे के…
खतों-खतावत की सियासत में शांता कुमार का अपना रुतबा रहा है। उनकी इस आदत से आफत में रहने वाले भाजपा नेता यह चिकोटी भी काटते हैं कि ई-मेल के जमाने में भी पंडित जी की वजह से डाक महकमे की कदर है। अगर वो खत न लिखें तो हाईकमान के दरवाजे पर डाकिया कभी जाए ही नहीं। शांता जी तो डाक महकमे के ब्रांड एंबेसडर हैं।
मोदी भी नहीं बच पाए थे
शांता हमेशा अपनी जिद और स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते रहे हैं। गुजरात के दंगे के दौरान तो उन्होंने तत्कालीन सीएम और मौजूदा पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया था। अटल जी की सरकार में मंत्री रहे शांता कुमार मोदी पार्ट-वन सरकार में भी सांसद थे और सांसद ही विदा हुए थे। अब भी उनके बैच के कई राज्यपाल बन गए हैं, मगर शांता अभी भी पूर्व सांसद ही हैं।








