नाहन। सिरमौर जिले के शिलाई के बहुचर्चित चीड़ के हरे पेड़ कटान मामले में वन विभाग ने वन खंड अधिकारी (बीओ) व वन रक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में शुरुआती तौर पर दावा किया गया कि 25 पेड़ों को काटने की अनुमति ली गई थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कथित अनुमति का कोई वैध परमिट अब तक वन विभाग शिलाई कार्यालय तक नहीं पहुंच पाया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी विश्वमित्र शर्मा के नेतृत्व में घटना के दूसरे दिन विभागीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जहां कुल 307 कटे हुए पेड़ चिह्नित किए गए। एक साथ बिना अनुमति के सैकड़ों पेड़ काटे जाने पर वन विभाग ने संबंधित लोगों के खिलाफ शिलाई पुलिस थाना में मामला दर्ज करवा दिया।

इस मामले में पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार इस पूरे प्रकरण में एक ही परिवार के कई सदस्य जांच के दायरे में आए हैं। मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ दल पर इस मामले में सीधे-सीधे सवाल उठाए। इसके बाद मामला सुर्खियों में रहा। अब वन विभाग ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वन विभाग के डीएफओ बीआर कंडेटा ने पुष्टि करते हुए पाया कि शिलाई क्षेत्र में संबंधित वन खंड अधिकारी व वन रक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।









