पांवटा साहिब । सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले शिलाई विधानसभा क्षेत्र में आग का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला है। ग्राम पंचायत क्यारी गुंडाह के गांव खाटाधार में भयंकर आग लगने से एक गऊशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में गऊशाला के अंदर बंधे 6 मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले आसपास पड़ी सूखी घास में लगी थी। घास सूखी होने के कारण चिंगारी ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। हवा के साथ आग की तेज लपटें तेजी से आगे बड़ीं और गांव के ही निवासी बलवीर सिंह पुत्र मदन सिंह की गऊशाला तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने पूरी गऊशाला को अपनी चपेट में ले लिया। आग का मंजर इतना खौफनाक था कि पीडि़त परिवार को कुछ भी समझने या संभलने का मौका ही नहीं मिला।
पीडि़त बलवीर सिंह ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि गऊशाला के अंदर बंधे मवेशियों की रस्सियां खोलने और उन्हें बाहर निकालने का समय नहीं मिल पाया। इस भीषण अग्निकांड में गऊशाला पूरी तरह से राख हो गई, जबकि अंदर बंधे 2 बैल, 2 गाय और 2 बकरे जिंदा जल गए।
मुआवजे की लगाई गुहार
आग लगने और मवेशियों की चीख-पुकार सुनकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड के कारण परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित बलवीर सिंह के परिवार को तुरंत फौरी राहत प्रदान की जाए और मवेशियों व गऊशाला के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।






