प्रवीन मुंगटा। शिमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार व नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 100 करोड़ से अधिक कोविड-19 टीके लग चुके हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि 135 करोड़ देशवासियों में से आज 100 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 के टीके लग चुके हैं। भाजपा सरकार ने इस महामारी के दौरान जनसेवा के अच्छे कार्य किए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस उत्तम कार्य के लिए आभार व्यक्त किया और देशवासियों को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कहा की कांग्रेस के नेताओं को यह उपलब्धियां पच नहीं रही हैं और अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने जो बयान टीकाकरण को लेकर दिया वह दुःखद है, भाजपा सरकार कोई भी अच्छा कार्य करती है तो कांग्रेसी उसका केवल विरोध करते हैं।
आज इतने बड़े टीकाकरण अभियान पर भी कांग्रेस के नेता नकारात्मक बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस स्वयं छोटी सी छोटी चीज को लेकर राजनीति करती है पर उसका दोष भाजपा पर थोपने का प्रयास करती है।
आज हमारी केंद्र सरकार ने पिछले साढ़े सात वर्षों में 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त अनाज, टीकाकरण से लेकर ऑक्सीजन सिलेंडर तक उपलब्ध कराए हैं। शायद कांग्रेस को यह दिखता नहीं है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का सबसे पहला राज्य बना है जिसने 18 से अधिक आयु वाले लोगों को टीका लगाकर पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, हम दूसरा टीका भी जनता को 30 नवंबर तक लगा देंगे।
उन्होंने कहा की कांग्रेस के नेताओं ने कोविड-19 संकटकाल के समय न मास्क वितरण किया न किसी प्रकार की जन सेवा की, पर अपने सेवा कार्यों का एक फर्जी बिल अपने शीर्ष नेतृत्व को भेज दिया वहां भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार करने का पूरा प्रयास किया। जब कांग्रेस की सरकारें देश में थीं तो हर दिन एक नया घोटाला सामने आता था, अब जनता समझदार है, वह सब जानती है।