प्रवीन मुंगटा। शिमला
मंडी संसदीय सीट उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के लिए जहां साख का सवाल बन गई है, वहीं 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसे सत्ता का सेमीफ़ाइनल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस सीट को भाजपा की झोली में डाल शीर्ष नेतृत्व को अपना जनाधार दिखाना चाहते हैं, वहीं प्रतिभा सिंह पर अब कांग्रेस की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि वह 2 बार पहले यहां से सांसद रह चुकी हैं और कांग्रेस ने उन्हीं पर दांव खेला है, जबकि भाजपा अभी टिकट पर फैसला नहीं कर पाई है।
टिकट मिलने के बाद प्रतिभा सिंह ने हॉलीलॉज से जीत की हुंकार भर दी है। प्रतिभा सिंह का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों के नाम पर वोट देगी। उन्होंने कहा कि 8 अक्तूबर को नामांकन के बाद चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने टिकट के लिए हाईकमान का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जनता के आश्वासन के बाद वह चुनाव मैदान में उतरी हैं। वीरभद्र सिंह के जाने से उनके परिवार को बड़ा आघात पहुंचा है, लेकिन उनके किए विकास कार्यों को लेकर वह जनता के बीच जाएंगी। वीरभद्र अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विकास कार्यों के नाम पर चुनाव लड़ा जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी आज चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जाएंगी। वीरभद्र सिंह ने हिमाचल का विकास किया है। उनके कामों को देखते हुए जनता अपना आशीर्वाद देगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल की तो बात छोड़ो मंडी का विकास भी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी उपचुनाव को वह कोई चुनौती नहीं मानती, चूंकि केंद्र की मोदी सरकार 2 बार महंगाई व बेरोज़गारी के मुद्दों पर सत्ता में आई है, लेकिन उनकी सरकार उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई है, जिसके चलते जनता में ख़ासा रोष है। ऐसे में मंडी की जनता उन्हें अपना आशीर्वाद अवश्य देगी।
उन्होंने सेब बागवानों को उनकी फसल के उचित दाम न मिलने पर पर भी चिंता ज़ाहिर की और बागवान संगठनों की मांगों का समर्थन किया। इसके साथ ही महिलाओं को उनके अधिकार और हक़ मजबूती से दिलाने की बात प्रतिभा सिंह ने कही।
मंडी से कांग्रेस के दिग्गज नेता पंडित सुखराम के परिवार का साथ मिलने पर पूछे गए सवाल पर प्रतिभा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सुखराम परिवार का साथ भी उन्हें ज़रूर मिलेगा।
इस दौरान विक्रमादित्य ने कहा कि जब बीजेपी मोदी के नाम पर वोट मांग सकती है तो वह भी वीरभद्र सिंह के द्वारा किए गए विकास कार्यों के नाम पर श्रद्धांजलि के रूप में वोट मांग सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वह अतीत की बुनियाद पर भविष्य का निर्माण करना जानते हैं। कांग्रेस पार्टी ने जो विकास कार्य किए हैं, उनको जनता के बीच में ले जाकर जीत को सुनिश्चित किया जाएगा।